जैथरा थाना क्षेत्र के जरारी गांव निवासी युवक रामदेव की उसकी पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर हत्या कर दी और शव पेड़ से लटकाकर फरार हो गई। सोमवार सुबह नगर के समीप पेड़ पर शव लटका मिला तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पत्नी शनिवार को दिल्ली जाने के लिए पति को घर से बुलाकर ले गई थी। मौत की सूचना के बाद भी पत्नी और दो मासूम बच्चे घर नहीं लौटे। मृतक के पिता ने पत्नी और उसके गांव निवासी प्रेमी समेत पांच के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जरारी गांव निवासी मृतक रामदेव (28) के पिता जबर सिंह ने बताया कि उसकी पुत्र वधु रबीता को छह महीने पहले गांव के शरारती तत्व बहला फुसलाकर ले गए थे। मामले में तीन लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। परिवारीजनों की माने तो विगत 16 मार्च को रबीता अपने आप जैथरा थाने पहुंची तो पुलिस ने थाने में दोनो से बात कर दिल्ली में किराए के मकान में एक साथ रहने का फैसला कर रबीता को रामदेव की सुपुर्दगी में दे दिया था। पिता का आरोप है कि 19 मार्च को रबीता रामदेव के साथ दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन उसी दिन गांव निवासी जगदीश की कार में रामदेव, रबीता को बैठे देखा गया और सोमवार सुबह रामदेव का शव जैथरा के समीप पेड़ पर लटका मिला। पिता जबर सिंह का आरोप है कि रबीता ने जगदीश और उसके साथियों के साथ मिलकर साजिश के तहत रामदेव को घर से बुला ले जाकर हत्या करने के बाद शव पेड़ से लटकाया है। आरोप है कि सूचना देने के बाद भी रबीता अपने दोनों मासूम बेटों के साथ घर नहीं आई।
शव मिलने पर सोमवार सुबह पिता ने हत्या की आशंका जताई तो पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने पिता जबर सिंह की तहरीर पर मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों में मृतक रामदेव की पत्नी रबीता, जरारी गांव निवासी जगदीश और उसके साथी जरारी निवासी लालू, सतीश दिनेश शामिल हैं।