देवरिया। मकान का ताला तोड़कर चोर एक लाख रुपये नकदी सहित करीब ढाई लाख का सामान चुरा ले गए। घटना भुजौली, स्वामी विवेकानंद कॉलोनी की है। सूचना और तहरीर के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
रामपुर कारखाना के बसंतपुर निवासी अनिता राय विवेकानंद मोहल्ले में दो बेटों के साथ रहती हैं। उन्होंने भगवान चौराहे पर दुकान खोल रखी है। मंगलवार को मकान में ताला बंद था। किसी समय चोर मकान में पहुंचे और ताला तोड़कर दाखिल हुए। आलमारी और बॉक्स खोलने के बाद चोर एक लाख रुपये नकदी, करीब डेढ़ लाख के जेवरात, कपड़ा और अन्य सामान चुरा ले गए।
शाम को परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। बुधवार को थाने में तहरीर दी गई लेकिन पुलिस नहीं आई। पीड़ित पक्ष ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। प्रभारी कोतवाल का कहना है कि चोरी की जानकारी नहीं है। तहरीर मिली तो पुलिस जांच की जाएगी।