व्यापारी का बैग चोरी होने के बाद दुकान में जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
दीपावली के मौके पर खरीदारी करने आए चिचड़ी बाजार के एक व्यवसायी का रुपयों भरा बैग बुधवार की दोपहर में चौक बाजार से उचक्कों ने पार कर दिया। व्यापारी के अनुसार बाइक के हैंडल में टंगे बैग में 50 हजार रुपये नगद और कुछ अन्य जरूरी सामान था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखकर जांच शुरू की है। इस मामले में व्यापारी ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। दरगाह थाना अंतर्गत चिचड़ी चौराहा निवासी सतीश कुमार पुत्र हरिगोविंद व्यवसायी है। दीपावली के मौके पर कुछ सामान खरीदने के लिए बुधवार को दोपहर बाद सतीश बाइक से बहराइच आया।
वह चौक बाजार में छोटी सब्जीमंडी के सामने बाइक खड़ी कर एक किराने की दुकान पर सामान का मोलभाव करने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक के हैंडल में टंगा रुपयों भरा बैग किसी ने पार कर दिया। 10 मिनट बाद व्यवसायी जब बाइक के पास पहुंचा तो बैग गायब देखकर शोर मचाने लगा।
आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। गश्ती पुलिस टीम भी आ गई। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो दो युवक बाइक से रुपयों भरा बैग उतारते दिखे। व्यवसायी के मुताबिक बैग में 50 हजार रुपये नकदी व कुछ अन्य सामान था। उसने अज्ञात के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी है।