देवरिया (ब्यूरो)। अंडा कारोबारी का ट्रक चालक वसूली के रुपये लेकर भाग गया है। खोजबीन के बाद गोरखपुर ओवरब्रिज के पास ट्रक लावारिस हालत में मिला। कारोबारी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अबूबकरनगर मोहल्ले के रहने वाले मोहम्मद जियाउल्लाह की स्टेशन रोड में अंडा की दुकान है। जिले के कई इलाकों में वह अंडा की सप्लाई देते हैं। शुक्रवार को रामपुर कारखाना के बरनई गांव का रहने वाला ट्रक चालक बबलू माल लेकर भलुअनी गया था। वापस लौटते समय वह रुद्रपुर मोड पर रमेश मद्धेशिया की दुकान पर पहुंचा और तगादा का 46200 रुपये मांग लिया।
ट्रक को गोरखपुर ओवरब्रिज के पास खड़ा कर वह भाग गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आया तो दुकान मालिक ने खोजबीन शुरू की। उसका मोबाइल स्वीच ऑफ मिला। किसी ने गोरखपुर ओवरब्रिज के पास ट्रक खड़ा होने की सूचना दी।
मोहम्मद जियाउल्लाह पहुंचे तो देखा कि ट्रक में चाभी लगा हुआ है। काफी खोजबीन के बाद भी चालक बबलू का पता नहीं चल सका है। शनिवार को उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी कोतवाल राणा देवेंद्र सिंह ने केस दर्ज कर कार्रवाई की बात कहा है।