देवरिया। शराब का नकली कारोबार करने वाले चार माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने गैंगेस्टर की कार्रवाई कर दी है। नकली शराब से कारोबारियों ने करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली है। भीमपुर में सांद्र अल्कोहल पकड़े जाने के मामले में तीन आरोपी फरार है।
एसपी के निर्देश पर शहर कोतवाल अनिल पांडेय ने देवरिया खास निवासी अनिल गुप्ता, भीमपुर निवासी अजित गुप्ता, गोरखपुर खोराबार निवासी साजन और सुनील पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की है। छह जून को कोतवाली पुलिस ने भीमपुर में दबिश देकर नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि चारों नकली शराब का कारोबार करते हैं।
मौके से पुलिस ने नकली रैपर, होलोग्राम और देसी शराब की बोतलें बरामद की थी। नकली शराब की सप्लाई देसी शराब के ठेको पर होती थी। मौके से पकड़ी गई सांद्र अल्कोहल की कीमत करीब एक करोड़ रुपये थी।
जबकि रुद्रपुर कोतवाल रामऔतार यादव ने कोइलगड़हा निवासी मनोज, धुरा और सरहसब समुदा निवासी धर्मेन्द्र और विनोद के खिलाफ गुंडा एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की है। सभी आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है।