देवरिया। एक गांव में लगाए गए सोलर लाइट में बरती गई अनियमितता जांच में सही मिली। दोषी पाए गए ग्राम विकास अधिकारी स्वतंत्र यादव को निलंबित कर दिया गया है।
अगर अन्य गांवों में मानक को दरकिनार कर लगे सोलर लाइटों की जांच हुई तो कई अफसरों की गर्दन फंस सकती है।
बनकटा ब्लॉक के छेरिया गांव में प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी ने सोलर लाइट लगवाए थे। गांव के बृजमोहन ने सोलर लाइट क्रय करने में धांधली की ऑनलाइन शिकायत 31 अगस्त को शासन में की थी। प्रकरण की जांच की जिम्मेदारी यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी राजीव मिश्र को मिली। जांच में सोलर लाइट खरीद में धांधली और मानक में कमी मिली। इसमें गांव के सेक्रेट्री स्वतंत्र यादव को निलंबित कर दिया गया। उनकी वर्तमान में तैनाती लार ब्लॉक पर थी, लेकिन भलुअनी ब्लॉक से संबद्ध किया गया है।
सूत्रों की मानें तो ग्रामसभा में आए 14वां वित्त के धन से अधिकांश गांवों में सोलर लाइट लगाए गए हैं। कमीशन के चक्कर में मानक को दरकिनार कर और अधिक दाम पर सोलर लाइट लगवाए गए है। इसमें ग्राम प्रधान से लेकर जिम्मेदार अफसर तक कमीशन के चक्कर में यह खेल हुआ है। डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि जांच में शिकायत सही मिलने पर सेक्रेट्री को निलंबित किया गया है।