तरकुलवा के गढ़रामपुर की घटना, सड़क जाम, पथराव और लाठी चार्ज हुआ
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कंचनपुर/देवरिया। समाजवादी पार्टी के तरकुलवा ब्लाक प्रमुख पद के प्रत्याशी रहे कामेश्वर सिंह अप्पू ने गढ़रामपुर चौराहे पर एक दुकानदार की धुनाई कर दी। समर्थकों के साथ सपा नेता ने जमकर तांडव मचाया। बीच बचाव करने आए कई अन्य लोग भी घायल हो गए।
इलाके में सड़क जाम के बाद पथराव और लाठीचार्ज हुआ। आरोपी समर्थकों के साथ फरार हो गया। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने कसया रोड पर जाम लगा दिया। तरकुलवा थानाक्षेत्र के गढ़रामपुर निवासी आनंद दुबे की पान की दुकान है।
शुक्रवार की शाम सात बजे के करीब सपा नेता कामेश्वर सिंह अप्पू करीब दस समर्थकों के साथ दुकान पर पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर मारपीट शुरू कर दी। बचाव में कई अन्य दुकानदार भी मारपीट के दौरान घायल हो गए। जानकारी होने के बाद आनंद के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे।
आरोपी मौके से फरार हो गया। विवाद की वजह पान का बकाया रुपया मांगना बताया जा रहा है। सपा नेता की इस तरह की हरकत से परेशान इलाके के लोगों ने सड़क जाम कर दिया। गढ़रामपुर के अलावे बसंतपुर गांव के लोग सड़क पर पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस रिकार्ड में सपा नेता कामेश्वर सिंह अप्पू बदमाश हैं।