गौरीबाजार। दरवाजे पर सो रही भाभी के सिर पर देवर ने फावड़े से हमला कर मार डाला। घटना शनिवार रात की है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका के पति ने आरोपी भाई को मानसिक रूप से बीमार बताया है। पुलिस ने आरोपी पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर पूछताछ कर रही है।
खैरटिया गांव के धुरियापार टोला निवासी रामाशंकर यादव गोरखपुर में ठेकेदारी करते हैं। छोटा भाई रामानंद यादव घर पर खेती बारी का काम करता है। पांच जून को रामानंद यादव के पांच वर्षीय बेटे कार्तिक का मुंडन संस्कार होना था। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रामाशंकर की पत्नी अनीता छोटे बेटे के साथ गांव आई थी। शनिवार को परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे।
कार्ड बांट कर रामानंद देर रात घर लौटा। गाड़ी दरवाजे पर पहुंचते ही भाभी अनीता की नींद टूट गई। इस पर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि रामानंद ने आक्रोश में आकर दरवाजे पर रखे फावड़े से अनीता के सिर पर कई बार प्रहार कर दिया। सिर में गंभीर चोटें आने के चलते अनीता की मौके पर मौत हो गई। आवाज सुनकर परिवार के लोग नीचे पहुंचे और घटना की सूचना थाने में दी।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और पूछताछ में जुट गई। ठेकेदार रामाशंकर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि भाई रामानंद वर्ष 2004 से मानसिक रूप से बीमार है। उसकी दवा गोरखपुर में एक डाक्टर के पास चल रही है। उन्होंने गैर इरादतन हत्या की तहरीर थाने में दी है। इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने कहा कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।