मईल के बढ़या हरदो के समीप हुई दुर्घटना में बाइक पर चढ़ी पिकअप
सलेमपुर में तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार ओएनजीसी से रिटायर्ड कर्मचारी की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। बाइक से सड़क पार करते समय यह हादसा हुआ। मौत की खबर मिलते ही घर वालों में चीख पुकार मच गई।
नगर के भरौली वार्ड निवासी रामदेव प्रसाद गोड़ ( 61) रविवार को बाइक से लार थाना क्षेत्र के जमसड़ा गांव में अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे अभी वह मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के समीप पहुंचे और रेवली के तरफ जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच लार की तरफ से आ रही पिकअप की चपेट में आ गए। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर खेतों के रास्ते फरार हो गया।
रामदेव प्रसाद गोड़ ओएनजीसी में कार्यरत थे। कुछ माह पूर्व सेवानिवृत्त होकर घर आए थे। हादसे की सूचना पर उनका इकलौता बेटा राजकरन पहुंचा और पिता की लाश से लिपटकर रोने लगा। मईल एसओ ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।