रघवापुर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर शनिवार देर रात खूब उत्पात मचाया। कैस लूटने की कोशिश में तोड़फोड़ की। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पहले तो पुलिस घटना को हल्के में लिया लेकिन सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख उसके कान खड़े हो गए। आनन-फानन में तफ्तीश शुरू हो गई। शहर कोतवाल ने मौका मुआयना किया और कर्मचारियों के बयान लिए। पेट्रोल पंप मैनेजर ने गार्ड पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कसया मार्ग पर रघवापुर में रिलायंस का पेट्रोल पंप है। शनिवार रात्रि 11.30 के करीब बाइक सवार दो युवक पहुंचे। बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद दोनों युवक सेल्समैन से उलझ गए। मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने सेल्समैन से लूटपाट की कोशिश की। वह भागकर ऑफिस में पहुंचा। दुस्साहसी युवकों ने ऑफिस में तोड़तोड़ की और कैश बॉक्स लूटने का प्रयास किया। ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी। मामला बिगड़ता देख आरोपी युवक भाग निकले। बगल में गार्ड भी मौजूद था लेकिन उसने युवकों को पकड़ने की कोशिश नहीं की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई लेकिन इसमें युवकों का चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। पम्प मैनेजर राजेश कुमार शाही कोतवाली में अपने ही गार्ड पर संदेह जताते हुए तहरीर दी है। उनका कहना है कि दोनों युवक डकैती के इरादे से आए थे। संयोग रहा कि कैश नहीं लूट पाए। कोतवाल अनिल पांडेय का कहना है कि मौके पर गया था। प्रारंभिक जांच में लग रहा है कि पेट्रोल भरवाने को लेकर कर्मचारी और युवकों में विवाद हुआ है। तोड़फोड़ हुई है। युवकों की पहचान की जा रही है।