सलेमपुर। अहमदाबाद में एक नाबालिग लड़की से रिश्तेदार ने दुराचार किया। इसकी जानकारी जब घरवालों को हुई तो आरोपी युवक भागकर गांव चला आया। बेटी को लेकर रिश्तेदार के घर पहुंचे पिता ने आरोपी के घरवालों को जानकारी दी और डीजीपी कार्यालय में फोन कर शिकायत दर्ज कराई।
कार्यालय से फोन आने के बाद कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लार थानाक्षेत्र के एक गांव का एक व्यक्ति परिवार के साथ अहमदाबाद के मोरवा राजकोट में रहकर नौकरी करता है। उसके साथ कोतवाली क्षेत्र के तकिया गांव निवासी रिश्तेदार भी रहता है। आरोप है कि ड्यूटी पर जाने के बाद रिश्तेदार उसकी बेटी के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। 14 मई को उसके साथ दुराचार किया। इसकी जानकारी होने पर वहां से भाग गया।
तलाश करते हुए पिता बेटी को लेकर रिश्तेदार के घर तकिया गांव पहुंचा और उसके घरवालों से शिकायत की। घरवाले शिकायत सुनने को तैयार नहीं थे। इसके बाद 100 नंबर पर सूचना दी गई। पुलिस ने अहमदाबाद का मामला बताते हुए गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस का यह रवैया देख पीड़ित के पिता ने डीजीपी कार्यालय में फोनकर न्याय की गुहार लगाई।
डीजीपी कार्यालय से फोन आते ही कोतवाली में हलचल मच गई और आनन-फानन में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी कोतवाल शशिकांत पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित को पुलिस संरक्षण में जिला अस्पताल मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।