कंचनपुर। क्षेत्र में रहस्यमय ढंग से हुए तेज धमाके से लोग सहम गए। गांव वालों की मानें तो धमाका इतना तेज था कि घर की दीवारें हिल गईं। गुरुवार की शाम 7.30 बजे इलाके में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी।
घबराकर लोग घरों से बाहर आ गए। लोगों को आशंका सताने लगी कि कहीं आतंकी घटना तो नहीं हो गई है। लोग एक-दूसरे को फोन कर धमाके की जानकारी लेने लगे। हर किसी ने कहा कि धमाका तो सुनाई दिया है लेकिन कहां हुआ है पता नहीं। हरैया के गोरख मिश्र ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि धड़क्कन बढ़ गई। क्षेत्र में पता करने पर सब लोग यही बता रहे हैं कि धमाका तो हुआ है लेकिन कहां हुआ इस बात की जानकारी नहीं हो पा रही है।
तरकुलआ के रामआसरे गुप्ता ने बताया कि धमाका सुनकर उनका परिवार घर से बाहर निकल गया। लक्ष्मीपुर के विक्रम दुबे ने बताया कि धमाके के कारण उनका मकान हिलने लगा। ऐसा लगा कि भूकंप आ गया है। तरकुलआ के इंस्पेक्टर राजा राम यादव ने बताया कि धमाके की आवाज सुनी गई है लेकिन इलाके में अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।