जालसाजों ने अकाउंट से लाखों उड़ाए ।
सलेमपुर में जालसाजों द्वारा बैंक अकाउंट से 2.25 लाख की ऑनलाइन खरीदारी का मामला सामने आया है। यह खरीदारी तीन और चार अप्रैल को देश की राजधानी दिल्ली समेत विभिन्न शहरों 36 बार में की गई। पीड़ित ने इस मामले में बैंक में तैनात गार्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं एसओ के न होने के कारण थाने पर उसकी तहरीर नहीं ली जा रही है।
लार थाना क्षेत्र के रोपन छपरा गांव निवासी संतोष कुमार गुप्त मुंबई में सब्जी का व्यापार करता है। इसका ज्वाइंट अकाउंट लार के केनरा बैंक में है। 29 मार्च को वह बैंक में रकम निकालने गया था। यहां उसे बैंक के गार्ड की मदद से तीन हजार रुपये निकाले। इसके बाद वह पांच अप्रैल को बैंक के एटीएम से रकम निकालने गया। इस पर उसे पता चला कि उसका अकाउंट बैलेंस शून्य है।
शिकायत के बाद शाखा प्रबंधक ने जब डिटेल देखी तो पता चला कि तीन और चार अप्रैल को खाते से 2.25 लाख रुपये की जालसाजों ने खरीदारी कर ली है। पीड़ित ने बैंक के गार्ड की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं पीड़ित जब इसकी शिकायत लेकर थाने पर पहुंचा तो वहां एसओ के न होने की बात कहकर तहरीर लेने से मना कर दिया गया। पीड़ित दो दिन से थाने के चक्कर लगा रहा है। इस बाबत एसओ विनोद यादव ने बताया कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है। आवश्यक कार्य से हाईकोर्ट गया था। आज ही लौटा हूं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं लार स्थित केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। खाते की जांच करने पर पता चला है कि तीन और चार अप्रैल को दिल्ली, मुजफ्फरपुर, पटियाला समेत देश के विभिन्न शहरों से 36 बार में 2.25 लाख की ऑनलाइन शॉपिंग की गई है। बैंक के स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया है।