देवरिया। सदर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही एक युवती को एक मनचले ने छेड़ दिया। अश्लील इशारा करने के बाद उसने छींटाकशी की। युवती का इशारा पाते ही कुछ लोगों ने युवक को दबोच लिया। यह नजारा देख स्टेशन पर खलबली मच गई। आरोपी जिस लड़की को छेड़ रहा था वह महिला थाने में तैनात एक सिपाही निकली और साथी पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी पर थी।
एडिशनल एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने एंटी रोमियो अभियान के तहत एक टीम सदर स्टेशन पर भेज रखी थी। महिला थाने में तैनात सिपाही सादे कपड़े में प्लेटफॉर्म पर पहुंची और एक जगह बैठ गई। महिला सिपाही की निगरानी सादे कपड़े में पुलिसकर्मी कर रहे थे। इस दौरान एक युवक महिला सिपाही के साथ छेड़खानी करने लगा। छेड़खानी की पुष्टि होते ही पुलिसकर्मियों ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान भटनी निवासी राधेश्याम दीक्षित के रूप में हुई। आरोपी को पकड़कर पुलिस थाने लाई।
परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया। एएसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि स्टेशन से लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ मनचले महिलाओं और युवतियों को परेशान कर रहे थे। योजना के तहत एंटी रोमियो टीम की स्टेशन पर तैनात की गई थी। एक आरोपी पकड़ा गया है। बाकी अन्य जगहों पर अभियान चलाया गया। मनचलों को हिदायत दी जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है। अभियान में और तेजी लायी जाएगी।