संगड़ाह-हरिपुरधार मार्ग पर बुधवार रात करीब 2.30 बजे एक कार खाई में गिरने से तीन लोग घायल हो गए। हरियाणा नंबर की यह कार हरिपुरधार से संगड़ाह की ओर आ रही थी। बड़याल्टा के पास चालक का गाड़ी से नियंत्रण हटने के कारण करीब 20 फुट गहरी खाई में गिर गई।
इस हादसे में कार में सवार हरियाणा के जिला यमुनानगर के छछरोली निवासी गुरमीत सिंह, मयंक सिंगला व विशाल गोयल घायल हो गए। उन्होंने स्वयं ही एंबुलेंस व पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह लाया गया।
खंड चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी पीएल जोशी ने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है।