खुखुंदू। दो दिन पूर्व मगहरा ईंट भट्ठे के पास से बाइक लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लूटी बाइक बरामद कर ली। पकड़े गए आरोपी ने अन्य साथियों के संबंध में भी जानकारी दी है।
थाना क्षेत्र के परिसया चंदौर के हितेश कुमार पांडेय मंगलवार रात करीब नौ बजे मगहरा दुकान पर जा रहे थे। साहू ईंट भट्ठे पास बाइक सवार चार बदमाशों ने बाइक रोक ली और हितेश की पिटाई करने के बाद बाइक लूट ली।
सूचना के बाद पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पहचान लेने की बात कही। इसके बाद पुलिस की धरपकड़ तेज हुई। प्रभारी उप निरीक्षक रामरतन ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना मिली थी कि लूट की घटना में शामिल एक बदमाश मगहरा की तरफ जा रहा है।
पुलिस ने बालेपुर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। इस दौरान खखड़ी निवासी सुमित यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने लूट में शामिल होना स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर सलेमपुर के इटवा चंदौली से लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में उसने बताया कि घटना में बालेपुर खुर्द निवासी गुड्डू सिंह, करिया सिंह और सलेमपुर के बंजरिया निवासी डिस्को उर्फ जितेन्द्र सिंह शामिल थे। लूट का मास्टर माइंड जितेन्द्र सिंह है। जो कई घटनाओं में जेल जा चुका है। पुलिस तीनों लुटेरों की गिरफ्तारी में जुटी है। आरोपी सुमित को जेल भेज दिया गया।