सलेमपुर। लार में युवकों को गोली मारने के मामले में पुलिस ने हिंदू युवा वाहिनी (हियुवा) के पांच नेताओं और एक अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। घायलों का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
इस घटना की वजह से लार में दूसरे दिन भी तनाव बरकरार रहा। लार नगर के पूरब मोहल्ला निवासी सिबलू और इरफान सोमवार की रात को टहल रहे थे। इसी बीच उधर से गुजर रहे बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों घायल हो गए। कुछ दूरी पर मौजूद अरमान को भी छर्रा जा लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
इसकी जानकारी होते ही लोग उग्र हो गए और इसे देखते हुए पीएसी और कई थाने की पुलिस बुलानी पड़ी। सिबलू और इरफान का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं छर्रा लगने से घायल अरमान का इलाज मंगलवार को सीएचसी पर हुआ।
पुलिस इस मामले में इंदिरा नगर वार्ड निवासी सिंटू लारी की तहरीर पर हियुवा नेता अरुण कुमार सिंह, अंशू सिंह, प्रशांत सिंह, शक्ति सिंह, शुभम सिंह और एक अज्ञात पर हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।