देवरिया जनपद में रविवार दोपहर अग्निपथ योजना के खिलाफ युवाओं ने उग्र रूप दिखा दिया। उन्होंने बरहज कस्बे के पैना बाइपास स्थित ईदगाह के निकट करीब 300 से अधिक की संख्या में जुटे युवा बवाल पर उतारू हो गए। पुलिस के समझाने के बावजूद उपद्रवी उग्र हो गए। एसओ के वाहन पर पथराव करते हुए पुलिस को दौड़ा लिया। बेकाबू भीड़ को देखकर पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई।
पुलिसकर्मी बगल में स्थित पेट्रोल पंप के कार्यालय में जाकर छिपे तो पुलिसकर्मी को बाहर निकालने को लेकर भीड़ ने तोड़फोड़ और पथराव किया। घटना की जानकारी होने पर चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
रविवार सुबह करीब नौ बजे कब्रिस्तान के निकट एक बागीचे में अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए युवाओं की भीड़ जुटने लगी। लोगों के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में युवा ईदगाह स्थित रामजानकी मार्ग पर पहुंचकर बवाल काटने लगे। सूचना पर थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र हमराहियों के साथ पहुंच गए। भीड़ को पुलिसकर्मी समझाते हुए घर जाने को कहने लगे लेकिन वह जमे रहे।