देवरिया। घने कोहरे ने देवरिया सदर और सलेमपुर इलाके में दो जिंदगियां लील ली। गौरीबाजार इलाके में सुबह अनुबंधित बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में चालक और प्रशिक्षु परिचालक घायल हुए हैं।
रामपुर कारखाना इलाके के कुसम्हा बेलवा गांव के जयदयाल रेलवे मालगोदाम पर मजदूरी करते थे। शनिवार सुबह छह बजे वह रेलवे लाइन पार करते हुए मालगोदाम पर आ रहे थे। कोहरे के चलते ट्रेन की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लोगों की सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिवारवालों को सूचना दी।
परिवारवालों का कहना है कि मजदूरी कर वह घर का खर्च चलाते थे। सलेमपुर प्रतिनिधि के अनुसार चार पहिया वाहन की टक्कर से राहगीर की मौत हो गई। हादसे की वजह घना कोहरा बताया जा रहा है। लार के निपनिया गांव के 45 वर्षीय रामाश्रय विश्वकर्मा शुक्रवार शाम करीब सात बजे गांव के पास धनौती चौराहे पर सब्जी लाने जा रहे थे।
भागलपुर-सलेमपुर मार्ग पर पहुंचे थे कि सलेमपुर की ओर जा रहे चार पहिया वाहन ने पीछे से टक्कर मार दिया। वह बेहोश हो गए। चालक वाहन लेकर भाग गया। लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। जानकारी होने पर घरवालों में कोहराम मच गया।
कोतवाल ने बताया कि रामाश्रय के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। गौरीबाजार प्रतिनिधि के अनुसार घने कोहरे में शनिवार की सुबह अनुबंधित बस और ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गया। बस का चालक और परिचालक घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा खरोह चौराहे के पास हुआ। देवरिया डिपो की अनुबंधित बस सलेमपुर से गोरखपुर जा रही थी। गोरखपुर की तरफ से ट्रक आ रहा था। घने कोहरे के कारण खरोह के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। बस चालक मुन्ना के पैर और प्रशिक्षु परिचालक सुरेश प्रसाद के हाथ में चोट आई है। सड़क हादसे के कारण कुछ देर के लिए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर जाम लग गया।