पूरी रात प्रसूताओं को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी है। दरअसल, महिला वार्ड में लगे एक दर्जन सीएफएल चोरी हो गए हैं। अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लेते हुए रात की ड्यूटी में तैनात स्टाफनर्स को फटकार लगाते हुए हिदायत दिया। वहीं सफाईकर्मियों के नहीं आनेे से अस्पताल परिसर में गंदगी का अंबार लगा है।
सीएचसी के दोनों महिला वार्ड में उजाले के लिए एक दर्जन सीएफएल लगा था। शुक्रवार की रात सभी सीएफएल चोरी हो गए। इससे दोनों वार्ड में अंधेरा छाया रहा। शनिवार को सुबह प्रसूताओं को देखने के लिए पहुंचे अधीक्षक से लोगों ने इसकी शिकायत की। अधीक्षक ने वार्डो में नजर दौड़ाई तो एक भी सीएफएल नहीं मिला। इसके बाद वह रात में ड्यूटी पर तैनात स्टाफनर्स को बुलाए और फटकार लगाते हुए आगे से सतर्क रहने की हिदायत दी। सूत्रों की माने तो अस्पताल के कर्मचारी ही सीएफएल निकाल ले जाते हैं। इसके बाद अधीक्षक ने बाबू को सीएफएल लगावाने का निर्देश दिया।
सीएचसी के अधीक्षक डा. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि सीएफएल बल्ब चोरी होने के मामले में स्टाफनर्स को हिदायत दिया गया है। सफाई कर्मियों के नहीं आने से सफाई व्यवस्था गड़बड़ हुई है। इसकी जानकारी सीएमओ को दे दी गई है।