देवरिया। नशे में धुत एक रईसजादे ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। घटना मंगलवार रात की है। कार चालक ने एक व्यवसायी को कुचल दिया। दर्जनों वाहनों को टक्कर मारी। सड़क पर हालात बेकाबू थे। चालक को गिरफ्तार करने में पुलिस के पसीने छूट गए। गाड़ी खड़ी कर वह अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला।
न्यू कॉलोनी निवासी नरेंद्र पोद्दार व्यवसायी हैं। मंगलवार की रात दस बजे के करीब वह किसी काम से शहर में बाइक लेकर निकले थे। एसएसबीएल इंटर कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार कार सवार ने उनकी बाइक को चपेट में लिया। हादसे में नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। फोक्सवैगन कार चला रहा चालक मौके से भाग गया। कुछ दूर जाने के बाद उसने कार का फाटक खोल कर हुड़दंग मचाने लगा। सड़क पर कार को लहराने लगा। इससे कई लोग हादसे का शिकार होने बचे। करीब एक घंटे तक वह सड़क पर गाड़ी को दौड़ाता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टायर खराब होने के बाद भी चालक गाड़ी दौड़ता रहा।
पहिये के पास से चिंगारी निकल रही थी। किसी ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने बेकाबू कार को दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान कोतवाल की गाड़ी भी टकराने से बच गई। चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। इधर, घायल कारोबारी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गाड़ी शहर के एक रईसजादे की है। पुलिस उसकी तलाश में है।