गौरी बाजार। ग्राम धनौती में बृहस्पतिवार दोपहर अल्पसंख्यक समुदाय की एक महिला के शव को दफन करने को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। आनन-फानन में यूपी-100 पर मिली सूचना पर रुद्रपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी, नायब तहसीलदार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर दोपहर बाद सरकारी कब्रिस्तान में शव को दफन कराया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
ग्राम धनौती में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो समुदाय के बीच विवाद है। दोनों पक्ष जमीन पर दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसकी जांच सदर एसडीएम कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह गांव की 70 वर्षीय महिला इसरूल निशा पत्नी स्व. सतायत अली की लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई। परिजन शव को कब्रिस्तान में दफन करने की तैयारी कर रहे थे। इसकी भनक दूसरे समुदाय के लोगों को लग गई। उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। इससे दोनों समुदाय के लोगों में कहासुनी होने लगी और मामला उग्र हो गया। इसी बीच किसी ने यूपी-100 पर सूचना दी। रुद्रपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी ब्रजेंद्र राय, नायब तहसीलदार मय फ़ोर्स मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को शांत कराया तथा समस्या के समाधान का अश्वासन दिया। इसके बाद शव को पुश्तैनी कब्रिस्तान में न दफन कराकर बगल में स्थित सरकारी कब्रिस्तान में दफन किया गया।
---------
पांच नामजद, एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ तहरीर
- देर शाम अयूब सिद्दीकी ने थाने में पांच नामजद और एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया है कि वह चाची के शव को दफन करने पुश्तैनी कब्रिस्तान पर जा रहे थे। इसी बीच, दूसरे समुदाय के लोग लाठी-डंडों से लैश होकर आ गए। शव दफन करने से मना कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।