देविररिया के बघौचघाट में तरकुलवा के बोलबम चौराहे से संदिग्ध हाल में गायब बच्चे का अपहरण हुआ है। बदमाशों ने बच्चे के घरवालों से फिरौती की मांग की है। बदमाशों ने मैसेज भेजकर पुलिस को सूचना देने पर परिणाम अच्छा नहीं होने की चेतावनी दे रखी है। बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। शनिवार को सेंट्रल चौकी पर सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
गोपालगंज, विजयीपुर थानाक्षेत्र के मटियरी गांव निवासी एहसान कु वैत में काम करते हैं। उनकी ससुराल तरकुलवा, बंजरिया, पोखरभिंडा निवासी समील हसन के घर है। समील हसन की तीन बेटियां हैं।
एहसान की पत्नी अख्तरी खातून बेटे साद अहमद, सईदा खातून, शादिया खातून और सईद के साथ देवरिया में रहती हैं। कुछ दिन पहले अख्तरी खातून बच्चों के साथ मायके गई थीं।
12 अप्रैल की सुबह छह बजे अख्तरी खातून का छह वर्षीय बेटा सईद बोलबम चौराहे से घर के लिए निकला। लेकिन संदिग्ध हाल में गायब हो गया था। नाना समील हसन ने बच्चे सईद के गायब होने की सूचना तरकुलवा थाने में दी। पुलिस ने बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कर ली। इस बीच पुलिस मौन रहकर बच्चे के वापस आने का इंतजार करने लगी। आरोप है कि पुलिस ने परिवारवालों को सोखा, ओझा के पास भी जाने की नसीहत दी।
इसी बीच सईद के घरवालों के मोबाइल पर धमकी भरा मैसेज आने लगा। बदमाश फिरौती की मांग करने लगे। घरवालों ने मामले की जानकारी तरकुलवा एसओ को दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से चार लोगों को हिरासत में लिया। जो समील हसन के मकान में किराएदार हैं। पुलिस ने हरपुर, गोठा और पोखरभिंडा के दो युवकों सहित चार लोगों को पकड़ लिया है। एसओ आलोक सोनी, उप निरीक्षक श्याम लाल यादव, अजय ओझा और रमेशचंद्र मिश्र की टीम ने हिरासत में लिए गए आरोपियों से सेंट्रल चौकी में पूछताछ की। अनहोनी की आशंका में परिवार के लोग सहमे में हैं। शक के घेरे में अपह्रत बच्चे के करीबी लोग भी हैं।