बरहज में बिजली मिस्त्री बब्ल यादव की मौत के बाद विलाप करते परिवार के लोग।
बिजली उपकेंद्र पर तैनात एसएसओ की लापरवाही से पोल पर चढ़कर बिजली फाल्ट दुरुस्त कर रहे मिस्त्री की जान चली गई। घटना के विरोध में गांववालों ने शव रखकर सड़क जाम कर बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोग दोषी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। एसडीएम के समझाने पर लोग सड़क से हटे। हादसे के बाद बरहज नगर समेत देहात इलाके की आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारी विद्युत उपकेंद्र छोड़कर भाग गए।
भलुअनी थाना क्षेत्र के जरार गांव निवासी बब्बल यादव पुत्र राम दरश यादव बिजली मिस्त्री था। उसे विद्युत उपकेंद्र पर ठेकेदार की तरफ से रखा गया था। उसे करुअना इलाके की जिम्मेदारी मिली थी। शनिवार की देर शाम पिपरा पूरन गांव के फाल्ट हो गया था। गांव के दो युवक विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और फाल्ट होने की जानकारी दी। पिपरा पूरन गांव पहुंचकर उसे मोबाइल से ही शट डाउन लिया। इसके बाद वह पोल पर चढ़कर हाईटेंशन तार को ठीक करने लगा। उसी समय अचानक तेज धमाका हुआ और मिस्त्री जमीन पर आ गिरा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को मिली। वहीं परिवारवाले भी पहुंच गए। रविवार की सुबह परिवारवालों और गांववालों ने सोनाड़ी मोड़ पर बरहज-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। लोगों ने घटना के लिए एसएसओ को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की बात कही।