नगर में एक चिट फंड कंपनी ग्राहकों का 40 लाख रुपये लेकर चंपत हो गई है। लोगों के बढ़ते दबाव को देखते हुए कंपनी में कार्य करने वाले वर्कर भी कुछ दिन पूर्व फरार हो गए।
पीड़ित लोगों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कंपनी के वर्कर्स और एजेंट के जरिए पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
नगर के बस स्टैंड के समीप एसआर टावर में यूनीकोर मैचुअल बेनीफिट लिमिटेड कंपनी संचालित हो रही थी। इसमें लार, भागलपुर, सलेमपुर और भटनी इलाके के 100 से अधिक लोगों ने करीब 40 लाख रुपये जमा किया था। आठ माह पूर्व फरवरी में कंपनी के सीएमडी शिवअवतार तिवारी का निधन हो गया।
इसके बाद करीब दो माह तक कंपनी का कार्य ठीक ढंग से नहीं चला। कंपनी से जुड़े एजेंट का दबाव पड़ने लगा तो वर्करों कार्य शुरू किया।
इसके बाद एजेंट और रकम जमा करने वाले लोग रुपये की मांग कंपनी के वर्करों से करने लगे। इसके लिए कई बार विवाद भी हुआ।
मामला गंभीर होता देख सभी वर्कर कंपनी छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद से रकम जमा करने वाले लोग परेशान हैं। चिटफंड कंपनी में कार्य करने वाले अधिकांश वर्कर बिहार के रहने वाले थे।
मंगलवार को कुंडौली गांव निवासी रामबहादुर कुशवाहा, लार चौक मोहल्ला निवासी फागू कुशवाहा, बलिया दक्षिण गांव निवासी श्रीकांत विश्वकर्मा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।