सड़क पर खून से लथपथ एक शख्स की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह सड़क पर दौड़ लगा रहे युवकों की नजर जब लाश पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी।
शरीर पर चोट के निशान को देखकर लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी।
लार के बरवा गांव के समीप एक अधेड़ शख्स की लाश सोमवार की सुबह सड़क पर पड़ी मिली।
दौड़ लगा रहे युवकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शख्स की कनपटी पर गहरा जख्म था। इसके अलावा चेहरे, पेट, पैर पर भी चोट के निशान थे।
ऐसा लग रहा था कि लाश को कुछ दूर तक सड़क पर घसीटा गया है। शख्स का चेहरा उसी की धोती लिपटा हुआ था और कुछ दूरी पर चश्मे का कवर पड़ा था, जिस पर लार बाजार के एक दुकान का नाम लिखा हुआ था।
लाश मिलने की सूचना पर बरडीहा दलपत, मलकौली और बरवा गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। लोग आशंका जता रहे थे कि शख्स की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने के लिए सड़क पर लाश लाकर फेंकी गई है।
काफी देर तक पुलिस ने लाश को थाने पर रखा था। लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इस बाबत लार के प्रभारी एसओ सुदेश शर्मा ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
उसकी पहचान नहीं हो सकी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी।