संगीत कार्यक्रम में मारपीट, मची भगदड़
- फोटो : अमर उजाला
लार नगर में आई एक बारात में संगीत कार्यक्रम देखने के दौरान बुधवार की रात मारपीट हो गई। इससे कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत करा दो लोगों को हिरासत में ले लिया। मारपीट में बाराती पक्ष के करीब दस लोगों को चोटें आई हैं। इनका इलाज सीएचसी पर कराया गया।
लार नगर के चनुकी मोड़ निवासी कृष्ण प्रताप सिंह के यहां खाजे गढ़वा निवासी ओमप्रकाश सिंह के घर से बारात आई थी। द्वारपूजा के बाद एक निजी विद्यालय परिसर में संगीत का कार्यक्रम चल रहा था। इसमें पूरब मोहल्ले के कुछ युवक संगीत का कार्यक्रम देखने आए थे। इस दौरान बारातियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हो गया। कुछ देर बाद युवक गोलबंद होकर पहुंचे और बाराती पक्ष के लोगों की पिटाई करने लगे। इससे कार्यक्रम में शामिल लोग इधर उधर भागने लगे।
मारपीट में खाजे गढ़वा गांव निवासी राजा चौबे (40) का सिर फट गया। वहीं दस लोगों को हल्की चोटें आईं हैं। सूचना पर मयफोर्स पहुंचे लार नगर चौकी इंचार्ज सुदेश शर्मा को देखकर मारपीट करने वाले युवक भाग खड़े हुए। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस इस मामले में पूरब मोहल्ले के सात लोगों 107/16 की कार्रवाई की है। इस बाबत एसओ विनोद यादव ने बताया कि मौके से पकड़े गए सलमान और भोला का शांतिभंग में चालान किया गया है। अन्य सात लोगों को भी शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया गया है।