देवरिया। 1000 और 500 के नोट पर प्रतिबंध अब लोगों की जान पर बन गया है। लगन के इस मौके पर बैंकों से नोट नहीं मिलने से कहीं रिश्ते टूट रहे हैं तो कहीं लोग अपनों से दूर हो रहे हैं। मंगलवार को एक ऐसा ही वाकया सामने आया है।
सदर कोतवाली इलाके के लिए रजला गांव के 27 वर्षीय रमेश अपनी भाभी ज्ञानती के साथ पिछले दो दिनों से गोरखपुर रोड स्थित एक बैंक की शाखा में रुपये निकालने के लिए चक्कर लगा रहे थे। रमेश और उनकी भाभी का इसी बैंक में खाता है। मंगलवार को भी वह भाभी के साथ रुपये निकालने गए थे। कतार में जद्दोजहद करने के बाद रमेश को तो रुपये तो नहीं मिले, लेकिन भाभी को मात्र 2000 रुपये मिल पाए। जबकि रमेश की भतीजी का बुधवार को ही तिलक जाना है।
ज्ञानती का कहना है कि उन्हें 40 हजार रुपये की सख्त जरूरत थी। खरीदारी करनी थी। बताया जाता है कि बैंक से मायूस होकर घर पहुंचा रमेश बाहर चारपाई पर लेट गए। काफी देर तक जब वह नहीं उठे तो घरवालों ने उठाने की कोशिश की। कोई हरकत नहीं होता देख डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।