बच्ची की मौत के बाद कोतवाली में जुटी भीड़।
सलेमपुर में बुखार से पीड़ित बच्ची के इलाज में लापरवाही की वजह से उसकी मौत हो गई। झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद क्लीनिक में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। क्लीनिक बंद कर कथित डॉक्टर फरार हो गया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली, पदमापार गांव के श्याम किशोर की बेटी लीलावती देवी की शादी सिवान, गुठनी के केवटलिया गांव निवासी अभिमन्यु के साथ हुई है। कुछ दिन पहले लीलावती अपनी दो वर्षीय बेटी नंदनी को लेकर मायके आई थी। रविवार को नंदनी को बुखार आ गया। लीलावती इलाज के लिए उसे लेकर नगर के तहसील गेट के समीप झोला छाप डॉक्टर के एक क्लीनिक पर आई थी। ढाई घंटे इंतजार के बाद उसका नंबर आया। आरोप है कि डॉक्टर ने नंदनी को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाते ही नंदनी छटपटाने लगी। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
बच्ची की मौत के बाद खलबली मच गई। डॉक्टर ने क्लीनिक के भीतर मौजूद रोगियों को बाहर निकाला और क्लीनिक में ताला बंद कर फरार हो गया। कोतवाली पहुंची महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस भी डॉक्टर की तलाश में उसके क्लीनिक पर गई। लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इस बाबत इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने बताया कि बच्ची की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला की तहरीर पर मास्टर नामक डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।