तरकुलवा थानाक्षेत्र के भरौटा गांव के पास शुक्रवार की रात एक डीसीएम चकरोड पर फंस गया। गांव के लोग पहुंचे और पूछताछ शुरू की। इसी दौरान गाड़ी में सवार बदमाशों ने गांववालों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
फायरिंग देखकर गांववाले भाग खड़े हुए। गोली की आवाज सुनकर पूरे गांव के लोगों ने घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लिया। गाड़ी से 12 ड्रम सांद्र अल्कोहल बरामद हुई। पुलिस का दावा है कि गांव का हिस्ट्रीशीटर शराब के कारोबार में संलिप्त है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पकड़े गए अल्कोहल की कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है।
शुक्रवार की रात 10 बजे के करीब गोरखपुर के नंबर वाला एक डीसीएम नरायनपुर होते हुए तरकुलवा इलाके के मुड़कटवा के रास्ते भरौटा की ओर जा रहा था। मुड़कटवा गांव के दो लड़कों डीसीएम को देखकर पूछताछ शुरू की। गाड़ी में मौजूद बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर धमकाया और खदेड़ दिया। गाड़ी भरौटा गांव के सिवान में एक चकरोड में फंस गई। गाड़ी में सवार लोग डीसीएम निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच गांव के लोग टार्च और लाठी लेकर मौके पर पहुंचे। बदमाशों को लगा कि गांव के लोग उनका पीछा कर रहे हैं।
उन्होंने गांववालों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने से गांव के लोग भाग निकले। आवाज सुनकर और लोग उधर दौड़े। खुद को घिरता देखकर बदमाश गाड़ी छोड़कर भाग निकले। गांववाले डीसीएम के पास पहुंचे तो उसमें ब्रेड लदा मिला। ब्रेड हटाया तो पीछे छिपाकर रखी 12 ड्रम सांद्र अल्कोहल मिली। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
शनिवार सुबह इंस्पेक्टर तरकुलवा भी भरौटा पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। गांववालों ने उन्हें बताया कि गाड़ी गांव के बगीचे की तरफ गई थी। इसके बाद उन्होंने बगीचे के पास गन्ने की खेतों में तलाशी ली। गांववालों की मदद से खेत में मौजूद तीन ड्रम सांद्र अल्कोहल और बरामद हुआ। डीसीएम पर सौरभ जायसवाल लिखा है। गोरखपुर वाली एक बिल्टी मिली है। जिस पर ब्रेड की कीमत नब्बे हजार रुपये थी। सामान को बघौचघाट में सप्लाई देना था। पकड़े गए शराब की कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी जा रही है।