सलेमपुर (ब्यूरो)। मझौलीराज नगर में मालवाहन की टक्कर से एक शख्स घायल हो गया। इससे नाराज लोगों ने मालवाहन का शीशा तोड़ दिया और चालक की पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और चालक को हिरासत में ले लिया। एक मालवाहन बुधवार को दो मवेशियों को लेकर जा रहा था।
अभी वह मझौलीराज नगर के किला चौराहे के समीप पहुंचा था कि उधर से गुजर रहे एक शख्स को टक्कर मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। बेहोश पड़े शख्स को देख लोग उग्र हो गए और चालक की पिटाई करने लगे। नाराज लोगों ने मालवाहन का शीशा भी तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। वाहन सहित चालक को लेकर कोतवाली चली आई। इस बाबत कोतवाल ने बताया कि चालक इलाज खर्च देगा। दोनों में समझौते हो गया है।