- आईजी के निर्देश पर गोरखपुर के एएसपी रोहन बोथरा ने की क्रॉस चेकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। आईजी के निर्देश पर गोरखपुर के एएसपी रोहन बोथरे ने जिले के बघौचघाट व लार थाने की क्रॉस चेकिंग की। बघौचघाट थाने में लूट देते हुए तहरीर भेजवाई। एसओ की अनुपस्थिति में यहां होमगार्ड ने तहरीर लिया। वहीं लार थाने में अनुसूचित जाति का फरियादी भेजकर एक सवर्ण व्यक्ति के खिलाफ शिकायत कराई। दोनों ही थानों की रिपोर्ट एएसपी ने आईजी को भेजी है। क्रॉस चेकिंग से पुलिस महकमे में खलबली मची रही।
एएसपी दोपहर में बघौचघाट थाने पहुंचे। थाने से कुछ दूर पहले ही वाहन रोककर एक व्यक्ति को लूट की तहरीर देकर भेजा। एसओ की अनुपस्थिति में होमगार्ड ने तहरीर ली। औपचारिक पूछताछ के बाद पुलिस ने केस दर्ज करते हुए तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हो गई। कुछ ही देर बाद एएसपी ने थाने पहुंचकर अपना परिचय दिया। पुलिसिया कार्रवाई पर संतोष जताया। हालांकि थाने में किसी जिम्मेदार के मौजूद न रहने और होमगार्ड के तहरीर लेने पर एएसपी ने कड़ी नाराजगी भी जताई। लार थाने में उन्होंने एक व्यक्ति को भेजा, जिसने खुद को रोपन छपरा निवासी अनुसूचित जाति का बताते हुए गांव के अजय कुमार सिंह पर अभद्रता का आरोप लगाया। फरियादी का कहना था कि वह बैंकाक रहता है। गांव आया तो अजय कुमार ने उससे अभद्रता की। बैंकाक रहने की बात सुनते ही थाने में मौजूद गांव के आसपास के लोगों ने संदेह जताते हुए नाम-पते की तस्दीक शुरू की। इसी दौरान एएसपी रोहन बोथरा थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि आईजी के निर्देश पर वह क्रॉस चेकिंग के लिए आए थे। दोनों थानों की रिपोर्ट से आईजी को अवगत करा दिया गया है। उन्हीं के स्तर से समुचित कार्रवाई की जाएगी।
---
उलाहना देने गई गर्भवती को पीटा, हुआ गर्भपात
तरकुलवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के फरनहा गांव में गेहूं की फसल काटने का उलाहना देने गई गर्भवती की पड़ोसियों ने पिटाई की। परिजनों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। पिटाई से उसके पेट में चोट आई, इससे महिला का गर्भपात हो गया। पीड़िता ने बुधवार की शाम थाने में तहरीर दी। फरनहा गांव निवासी नीमा देवी पत्नी खेदारु तीन माह की गर्भवती थी। गांव के कुछ लोग उसके खेत से गेहूं की फसल काट ले गए। विरोध करने पर उसके बेटे को पीटा। जानकारी होने पर नीमा उलाहना लेकर आरोपियों के घर गई तो उसकी भी पिटाई की। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला का गर्भपात हो गया है। एसओ जितेंद्र तिवारी ने बताया मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।