खुखुंदू। देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप करौदी गन्ना तौल केंद्र पर गुरुवार की देर शाम मनबढ़ों ने कांटा बाबू की पिटाई कर रजिस्टर फाड़ दिया। मारपीट के बाद केंद्र पर तौल का काम भी बंद हो गया। पीड़ित ने मनबढ़ों पर चेन और बाइक छीनने का भी आरोप लगाया है।
प्रभाकर राय करौंदी गन्ना तौल केंद्र पर काटा बाबू के पद पर तैनात हैं। गुरुवार की शाम गन्ने की तौल हो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान बगल गांव के कुछ लोग पहुंचे और बिना नंबर के ही जबरन गन्ना तौलने के लिए दबाव बनाने लगे। इनकार करने पर मनबढ़ों ने गांव से कुछ और युवकों को बुलाकर जोर जबदस्ती शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने न केवल नंबर और काटा जांच रजिस्टर फाड़ दिया बल्कि दुर्व्यवहार भी किया। पुलिस को दी तहरीर में काटा बाबू ने लिखा है कि जब गाली देने से मना किया गया तो मनबढ़ों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान चेन और बाइक भी छीन ली गई। इंस्पेक्टर परमाशंकर यादव ने कहा कि जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।