कुत्तों ने बच्ची को नोंचकर मार डाला
- ननिहाल में दरवाजे पर खेलती 11 साल की बालिका पर कुत्तों के झुंड ने बोला हमला
- मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त हुई मौत, बेटी की मौत से मचा कोहराम, शव दफनाया
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापपुर (देवरिया)। ननिहाल में घर के दरवाजे पर खेल रही 11 साल की बालिका पर कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया। गंभीर रूप से जख्मी बालिका की इलाज के दौरान मौत हो गई। इकलौती बेटी की मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। घरवालों ने शव को दफना दिया।
खामपार थाना के रहीमपुर गांव निवासी चंद्रमा गोड़ की बेटी अंजली बिहार के गोपालगंज जिले में बड़का गांव स्थित ननिहाल गई थी। घरवालों के अनुसार शुक्रवार को घर के दरवाजे पर अंजली खेल रही थी। इसी बीच कुत्तों के झुंड ने अचानक उसपर हमला बोल दिया। कुत्तों ने उसे काट कर बुरी तरह घायल कर दिया। अंजली के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे घरवालों ने कुत्तों को खदेड़ा और आनन-फानन में अंजली को देवरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पर कुछ देर तक उसका इलाज हुआ। हालत में सुधार नहीं होता देख चिकित्सक ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त रास्ते में अंजली की मौत हो गई। बच्ची के पिता चंद्रमा इन दिनों में दुबई में हैं। चंद्रमा की एक बेटी अंजली और दो बेटे हैं। अंजली भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।