गौरीबाजार। पुरानी रंजिश में लाठी डंडे से लैस लोगों ने एक बीडीसी सदस्य को दौड़ाकर पीट दिया। इससे चौराहे पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराया। घायल बीडीसी सदस्य थाने पहुंचे और तहरीर दी, लेकिन थानेदार घटना से इनकार कर रहे है। मामला राजनीतिक लोगों से जुड़ा है।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के भटौजी बुजुर्ग गांव निवासी अजय जायसवाल बीडीसी सदस्य हैं। शुक्रवार की दोपहर वह खरोह चौराहे पर बैठे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश में कुछ लोग लाठी डंडा लेकर दुकान पर पहुंचे और अजय को सरेआम पीट दिया। दुकान के पास मौजूद लोग भाग खड़े हुए। कुछ लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया। घायल बीडीसी सदस्य गौरीबाजार थाने में पहुंचा और दो नामजद आरोपियों सहित छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की तहरीर दी। मामला राजनीतिक होने के कारण थानेदार जेपी यादव ने केस दर्ज करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि विवाद की कोई सूचना नहीं मिली है और न ही किसी ने मुझे तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। कोतवाली थानाक्षेत्र रानीघाट में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। विवाद में एक पक्ष से व्यास, पार्वती और प्रिंस घायल हो गए। जबकि सरैया गांव में मारपीट के दौरान कुसुम गंभीर रुप से घायल हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।