खुखुंदू। बुधवार को गायब छात्र बृहस्पतिवार की देर शाम को घर पहुंच गया। परिवारवालों से उसने नशीला पदार्थ सूंघाकर अपहरण होने का आरोप लगाया है। वह हाजीपुर से अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त होकर घर पहुंचा है। परिवारवालों के मुताबिक छात्र बदहवास स्थिति में है। छात्र के दादा ने सुबह थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
थानाक्षेत्र के भीटा भरौली के रहने वाले रामलाल यादव ने बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पोता राहुल उर्फ अमित कुमार (14) पड़रीबाजार में एक निजी विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ता है। वह स्कूल जाने के लिए बुधवार की सुबह नौ बजे घर से साइकिल से निकला। शाम तक वह घर नहीं लौटा तो हर संभावित जगह उसकी तलाश की गई, मगर कुछ पता नहीं चल पाया। दोपहर तीन बजे के करीब राहुल उर्फ अमित घर पहुंच अपने अपहरण होने की बात बताकर सबको चकित कर दिया। राहुल के चचेरे भाई सतीश यादव के मुताबिक राहुल को पड़री झिल्लीपार मार्ग पर पुल के पास एक चार पहिया वाहन सवार बदमाशों ने आगे से घेरकर जबरन उसे गाड़ी में बैठा लिया। उसकी सायकिल और बैग फेंक दिया गया। चीखने-चिल्लाने पर मुंह दबाकर नशीला पदार्थ सूंघा दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। बिहार के हाजीपुर में बृहस्पतिवार की सुबह जब राहुल की नींद खुली तो देखा पुलिस चेकिंग चल रहा है। इसके बाद बदमाशों ने उसे वहीं गाड़ी से नीचे उतार दिया और भाग निकले। राहुल बदहवास स्थिति में ट्रेन से भटनी स्टेशन आया। वहां से फिर घर आया है। अभी भी उस पर नशे का असर है। परिवारवालों ने बताया कि सायकिल और बैग नहीं मिल पाया है। इस बाबत इंस्पेक्टर परमाशंकर यादव ने कहा कि छात्र के घर आने की जानकारी हुई है। उससे पूछताछ के बाद ही हकीकत सामने आएगी। मामले की जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।