अमर उजाला फॉलोअप
पुलिस ने गोरखपुर से तीन लोगों को लिया हिरासत में
- सराफा कारोबारी गोलीकांड का मामला
- वाहन स्वामी से भी कोतवाली लाकर पूछताछ की गई
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। आर्य समाज गली में सराफा कारोबारी को गोली मारकर लूट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गोरखपुर के सहजनवां इलाके से हिरासत में लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। रविवार को बाइक स्वामी को पुलिस ने कोतवाली लाकर पूछताछ की। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। उधर, आपरेशन के बाद लखनऊ में भर्ती घायल सराफा कारोबारी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रौनियारी मोहल्ला निवासी रोशन वर्मा उर्फ बन्नू को शुक्रवार की शाम पौने सात बजे आर्य समाज गली में स्थित सराफा की दुकान में घुसकर तीन लुटेरों ने गोली मार दी थी। बोरे में सोना-चांदी भरकर लुटेरे पैदल ही भागे, लेकिन दुकानदारों के पीछा करने पर रेलवे मालगोदाम के पास गहने से भरा बोरा फेंककर भाग निकले। घटनास्थल से पुलिस ने लुटेरों की बिना नंबर की बाइक बरामद की थी। इसी बाइक के चोरी होने की तहरीर देने पहुंचे युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। एसपी एन. कोलांचि और एएसपी शिष्यपाल सिंह ने उससे पूछताछ की। पुलिस टीम ने शनिवार की रात गोरखपुर के सहजनवां इलाके से तीन सगे भाइयों को हिरासत में लिया। ये तीनों बाइक चोरी की तहरीर देने वाले युवक के भाई हैं। पुलिस ने सभी से अलग-अलग पूछताछ की तो उनके बयान में अंतर मिला है। इससे शक गहरा गया है। रविवार को पुलिस बाइक मालिक को रामगुलाम टोला स्थित आवास से कोतवाली ले गई। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद ने बाइक चोरी और अन्य मामलों में उनसे पूछताछ की। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
इनसेट
कोतवाली और रामपुर कारखाने के बदमाशों पर भी नजर
देवरिया। सराफा कारोबारी से लूटकांड में पुलिस सदर कोतवाली और रामपुर कारखाना के बदमाशों पर विशेष नजर रखे हुए है। साथ ही लूट और हत्या के मामलों में जेल में बंद बदमाशों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस लूटकांड के पर्दाफाश के करीब पहुंच गई है। एक-दो दिन में सब कुछ सामने आ जाएगा।