सलेमपुर। मझौलीराज के किला चौराहे पर स्थित एक प्राइवेट डॉक्टर से फोन पर एक लाख की रंगदारी मांगी गई है। रकम नहीं देने पर बेटे को गोली मारने की धमकी दी गई है। अनजान मोबाइल नंबर से तीन दिन से मिल रही धमकी से डॉक्टर और परिवार के लोग भयभीत हैं। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली के मझौलीराज किला चौराहे पर डॉ. मोहम्मद हनीफ की क्लिनिक है। उनके मोबाइल नंबर पर तीन दिन पहले एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने एक लाख रुपये रंगदारी के साथ नगर के गांधी चौक पर अकेले बुलाया। रकम नहीं देने पर डॉक्टर के बेटे को गोली मारने की धमकी दी। मंगलवार सुबह चार बजे फिर से कॉल आने पर डॉक्टर का पूरा परिवार भयभीत है। कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर पीड़ित डॉक्टर ने कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। फोन नंबर सर्विलांस पर लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।