भाटपाररानी। बनकटा थाना क्षेत्र के अकटही बाजार में शुक्रवार की रात बदमाशों ने गश्त पर निकले होमगार्ड जवान को गोली मार दी। गोली जंघे के पास लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर बदमाश फरार हो गए। घायल होमगार्ड को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
कुरमौली बक्शी गांव निवासी राधाकृष्ण यादव (50) बनकटा थाने में होमगार्ड के रुप में कार्यरत है। शुक्रवार की रात 10.30 बजे अकटही बाजार में साथियों के साथ गश्त पर निकला था। उसके सहयोगी अकटहीं बाजार से आगे निकल गए। राधाकृष्ण उनके पीछे जा रहा था। पुलिया के पास सड़क किनारे झोपड़ी में से निकले बदमाशों ने उसे रोकने की कोशिश की। बदमाशों की नीयत से बेखबर होमगार्ड राधाकृष्ण रुक गया। इतने में बदमाश निकट आए और उससे बाइक से दूर होने को कहा। होमगार्ड वहीं खड़ा रहा। तभी बदमाशों ने फायर झोंक दिया। गोली होमगार्ड जवान के बाएं जंघे में लगी। घायल होमगार्ड के शोर मचाने और गोली की आवाज सुनकर लोग उसकी ओर दौड़े तो हमलावर भाग गए। राधाकृष्ण ने अपने साथी होमगार्ड अरुण पांडेय को मोबाइल से सूचना दी। सूचना मिलते ही दलबल समेत मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने घायल होमगार्ड जवान को भाटपाररानी पीएचसी भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पीएचसी से सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां से मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। होमगार्ड जवान की हालत खतरे से बाहर है। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि दो अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। रात से ही बदमाशों के कई ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही हमलावर पुलिस के शिकंजे में होंगे।