देवरिया। रामपुर कारखाना के पिपरा मदन गोपाल में एक मुर्गी फार्म में हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और चोरी का केस दर्ज कर लिया है। एक बदमाश को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शेष दोनों की तलाश की जा रही है। मामले के अल्पीकरण करने की बात लोगों के समझ में नहीं आ रही है।
पिपरा मदन गोपाल के सैफ़ुद्दीन खान का गांव के बाहर मुर्गी फार्म है। बुधवार कि रात 11 बजे सैफ़ुद्दीन का बेटा साहिल गांव के अपने मित्र जीउधन के साथ मुर्गी फार्म पर सोया था। इस बीच बदमाश आए और दोनों को पीटकर 50 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक बदमाश को उसके गांव टीलाटाली के बगल में एक ईंट-भट्ठे से गिरफ्तार कर लिया था। तहरीर पर पुलिस ने शमशेर खान और दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट और चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। शमशेर को पुलिस ने वारदात की रात को ही गिरफ्तार कर लिया था। इस संबंध में रामपुर कारखाना के प्रभारी निरीक्षक राय साहब यादव ने बताया कि एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ मारपीट और चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।