शाखा प्रबंधक समेत दो पर धोखाधड़ी और षड्यंत्र का केस
देवरिया। शाखा प्रबंधक ने एक व्यक्ति से मिलकर दूसरे के नाम से 25 लाख रुपये का लोन ले लिया। नोटिस पहुंचने के बाद उस व्यक्ति को जानकारी हुई तो उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने शाखा प्रबंधक और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गौरीबाजार, रामजानकी कॉलोनी सिनेमा रोड के रहने वाले विनोद कुमार बरनवाल पंजाब नेशनल बैंक की कसया रोड शाखा से लोन लेने के के लिए कागजात तैयार कराए थे। किसी कारण वश उन्होंने लोन नहीं लिया। इसी कागजात के सहारे शाखा प्रबंधक ने एक व्यक्ति से मिलकर 25 लाख रुपये का लोन निकाल लिया। विनोद को इस बात की जानकारी तब हुई जब बैंक से नोटिस पहुंचा। उन्होंने आकर पता किया तो उनकी जमीन ही खिसक गई। पहले तो उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन जब मामला नहीं बना तो कोर्ट की शरण लिया। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रविवार को शाखा प्रबंधक अमिताभ नारायण सिन्हा और शहर के लाडो स्वर्ण कला केंद्र के अमित कुमार पुत्र रामचंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र से दूसरे के नाम पर 25 लाख रुपये लोन निकालने का केस दर्ज किया है।