देवरिया। टॉप टेन बदमाशों पर कार्रवाई करने से थानेदार कतरा रहे हैं। इसके चलते आपराधिक वारदातों को बढ़ावा मिल रहा है। यही वजह है कि दो दिन पूर्व भाटपाररानी का हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव चेयरमैन के दरवाजे पर चढ़कर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाला। धमकाने वाले बदमाश और इसके साथी पर केस दर्ज कर पुलिस ने सिर्फ शांतिभंग में चालान किया है।
जिले में कार्यभार संभालने के बाद एसपी एन. कोलांची ने अपराध पर अंकुश लगाने और बदमाशों पर कार्रवाई के लिहाज से थाने स्तर के सक्रिय टॉप टेन सूची तैयार कराया। थानेदारों ने सूची तैयार की, लेकिन इसमें चर्चित बदमाशों का नाम नहीं डाला। इसकी शिकायत भी एसपी तक पहुंची। तब थानेदारों ने फर्जी दलीलों के माध्यम से गुमराह कर दिया। कुछ थानेदारों को छोड़ अधिकांश थानेदार टॉप टेन सूची में शामिल बदमाशों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पुलिस की इस लचर व्यवस्था के चलते बदमाशों के इशारे पर इलाके में आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और लोगों के बीच इनका दहशत बरकरार है। जिले का चर्चित हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव के चेयरमैन संजय गुप्ता के आवास पर चढ़कर धमकाने की घटना के बाद इन शिकायतों को और बल मिला है। गौर करने वाली बात है कि उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करने की बजाए सिर्फ शांतिभंग में चालान कर दिया गया। एसडीएम ने बदमाश और इसके साथी को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया। लार, सलेमपुर, मईल, बरहज, बनकटा, तरकुलवा, गौरीबाजार थाना क्षेत्रों में भी शातिर बदमाश पुलिस की कार्रवाई से दूर हैं। इस बाबत एएसपी दक्षिणी सुरेंद्र बहादुर ने बताया कि टॉप टेन बदमाशों की जो सूची बनाई गई थी। उस पर कुछ थानेदारों ने काम किया है। इसकी मॉनीटरिंग गोपनीय तरीके से एसपी के स्तर से की जा रही है। लापरवाह थानेदारों पर कार्रवाई भी होगी।