सलेमपुर। वाराणसी में हो रही सेना भर्ती में जा रहे युवकों ने सोमवार को कृषक एक्सप्रेस में जमकर उत्पात मचाया। जगह-जगह चेनपुलिंग कर ट्रेनों को रोकते रहे। इससे ट्रेन में सवार यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वाराणसी में सेना भर्ती चल रही है। इसके लिए गोरखपुर, देवरिया से सैकड़ों युवक कृषक एक्सप्रेस में सोमवार को भर्ती में जाने के लिए सवार हुए। युवक ट्रेनों में सवार महिलाओं और युवतियों को देख कमेंट करने लगे। इसकी शिकायत एक युवती ने ट्रेन में चल रहे आरपीएफ जवानों से किया। जवानों ने युवकों को डांट फटकार लगाई। थोड़ी देर बाद युवकों ने तुर्तीपार स्टेशन से ट्रेन गुजरने के बाद घाघरा नदी ब्रिज पर ट्रेन को चेन पुलिंग कर रोक दिया। पुल पर ट्रेन रुकने से यात्री डर गए। नीचे उतरने की जगह नहीं होने से ट्रेनों में सुरक्षा के लिए चल रहे आरपीएफ जवानों ने काफी प्रयास के बाद वैक्यूम पाइप को बंद किया और ट्रेन रवाना करवाई। नाराज जवानों ने एक दर्जन युवकों को पकड़ लिया। जवानों ने इसकी जानकारी कंट्रोल को दिया। पकड़े गए युवकों को मऊ स्टेशन पर कंट्रोल टीम ने उतारा और केस दर्ज कर लिया। इस बाबत आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रियांबू प्रिय ने बताया कि शिकायत पर एक दर्जन युवकों को पकड़ गया है।