युवक की हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार
गुप्ती एवं चाकू से वार कर की गई थी रंजीत की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
बरियारपुर। बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर थानाक्षेत्र के पगरा गांव निवासी रंजीत उर्फ बबलू की हत्या में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय के लिए चालान कर दिया। वहां से वे जेल भेज दिए गए। इधर, घटना में घायल तीन अन्य लोगों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
रविवार की देर शाम को पगरा गांव के हरिजन बस्ती के पुरुष और महिलाएं खेत में काम करने गए थे। गांव निवासी राजेश राम का साला महेशपुर गांव निवासी छोटेराम मौका पाकर बगल के पोतन राम के घर में घुसकर एक लड़की से छेड़खानी करने लगा। लड़की के शोर मचाने पर चचेरा भाई रंजीत उर्फ बबलू पहुंचा। छेड़खानी का विरोध करते हुए उसने छोटेराम को डांट दिया। यह बात छोटेराम को नागवार लगी। छोटेराम अपने गांव महेशपुर गया और पांच-सात लोगों के साथ चाकू व गुप्ती लेकर पगरा पहुंचा। पोतन राम के घर में घुसकर गुप्ती से पहले रंजीत उर्फ बबलू के पेट में वार किया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर तारकेश्वर राम, पोतन राम, राजन राम छुड़ाने आए तो इन लोगों को भी बारी-बारी से महेशपुर गांव से आए छोटेराम के साथियों ने चाकू व गुप्ती से वार कर जख्मी कर दिया। घायलों को विजयीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से देवरिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचते ही बबलू उर्फ रंजीत की मौत हो गई। घायल तारकेश्वर राम को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। राजन राम का इलाज चल रहा है। घटना के पांच घंटे बाद विजयीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त गुप्ती और चाकू को बरामद कर लिया है। विजयीपुर थाना प्रभारी खालिद अख्तर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार तीन आरोपियों को गोपालगंज जिला कारावास भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में महेशपुर गांव के छोटेराम का भाई रामपाल एवं विनीता और तीसरा आरोपी पगरा गांव का गंगाराम है।