रुद्रपुर। निबही मार्ग पर दिनदहाड़े बदमाशों ने एक महिला से 50 हजार रुपये लूट लिए। बौरडीह गांव की रहने वाली महिला रुद्रपुर के बैंक ऑफ बड़ौदा से रुपये निकाल कर टैंपो से घर जा रही थी।
बदमाश बाइक से पीछा कर रहे थे। गांव के मोड़ पर टैंपो से उतरते ही बाइक सवार बदमाशों ने बैग छीनकर भाग गए। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस बैंक का सीसीटीवी कैमरा खंगाल रही है। कैमरे से बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है।
बौरडीह गांव की रहने वाली दिनेश निषाद की पत्नी सुनीता देवी के घर उनके ननद की शादी है। वह सोमवार को बैंक से रुपया निकालने गई थी। दिन में करीब दो बजे रुपये निकाल कर टैंपो से घर लौट रही थी। गांव के मोड़ पर जैसे ही टैंपो से उतरी पहले से बाइक से पीछा कर रहे बदमाशों ने प्लास्टिक के बैग में रखा रुपया छीन लिया।
जब तक महिला कुछ समझ पाती बदमाश बाइक से फरार हो गए। महिला ने बताया कि बदमाश दो की संख्या में थे। पुलिस ने महिला से सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज की पहचान कराई। सीसीटीवी कैमरे का फुटेज धुंधला होने से उनकी पहचान नहीं पाई।
लूट की शिकार महिला ने कोतवाली में दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हुआ था। इस बाबत कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया जाएगा।