नदी में मिली विवाहिता की लाश, हत्या का आरोप
नौतन हथियागढ़ गांव का है मामला, छानबीन में जुटी पुलिस
देर शाम तक दर्ज नहीं हुआ था केस
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर कारखाना। छोटी गंडक नदी से एक विवाहिता की लाश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता नौतन हथियागढ़ गांव की है। मायकेवालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या कर नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। मामले में देर शाम तक केस दर्ज नहीं हुआ था।
कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थानाक्षेत्र के सखवनिया गांव निवासी प्रेमप्रकाश मद्धेशिया ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि बेटी पूजा की शादी रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव निवासी राकेश मद्धेशिया से 26 अप्रैल 2014 को हुई थी। दहेज के लिए ससुरालवाले अक्सर बेटी को मारते-पीटते रहते थे। कई बार उसे हमारे घर भी भेज दिए थे। 50 हजार रुपये नकद तथा मोटरसाइकिल की मांग करते थे। शनिवार को पूजा को पीटा गया था। बेटी ने फोन कर यह बात बताई थी। इसी बीच शाम को गांव के एक व्यक्ति ने फोन किया कि बेटी की हत्या करके उसे नदी में फेंक दिया गया है। जब मौके पर पहुंचा तो शव को नदी से बाहर निकालकर दाह संस्कार करने की तैयारी चल रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूजा के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।