कर्ज में डूबे सब्जी विक्रेता ने दे दी जान
पास मालगाड़ी के सामने मालगाड़ी के सामने कूदा
माइक्रो फाइनेंस कंपनी से पत्नी के नाम 15 हजार लिया था कर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीबाजार। कर्ज के 15 हजार रुपये चुकाने में नाकाम सब्जी विक्रेता ने सोमवार को ट्रेन से कटकर जान दे दी। वह कर्ज देने वाली फाइनेंस कंपनी के बढ़ते दबाव से आजिज हो चुका था। गौरी बाजार पश्चिमी रेल क्रॉसिंग से करीब 500 मीटर दूर मालगाड़ी के सामने कूदकर उसने जान दे दी। पत्नी की तहरीर के आधार पर छानबीन में जुटी है।
क्षेत्र के ग्राम गौरी खुर्द निवासी सब्जी विक्रेता कन्हैया मद्धेशिया (50) गांव में फेरी लगाकर सब्जी बेच परिवार का भरण पोषण करता था। सब्जी के व्यवसाय के लिए उसने पत्नी कुंती के नाम एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी से 15 हजार रुपये कर्ज लिया था। पत्नी के मुताबिक किस्त चुकाने में विलंब होने पर आए दिन कंपनी के एजेंट उसे लगातार धमकी देते थे। दरवाजे पर आकर उसे कहते थे कि अगर कर्ज चुकता नहीं कर सकते तो मर जाओ, मरने पर कर्ज माफ हो जाएगा। कंपनी के एजेंट सोमवार को पुन: कर्ज अदायगी के लिए आने की धमकी देकर गए थे। चिंता एवं कर्ज में डूबे कन्हैया को यह बात काफी नागवार लगी। बताते हैं कि सोमवार की सुबह वह घर से निकला और गौरीबाजार पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग से 500 मीटर पश्चिम गोरखपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। कुंती देवी ने घटना के लिए माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एजेंटों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। एसओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।