भाटपाररानी। पीजीआई में बेटी का इलाज कराने गए एक शख्स की लखनऊ में झाड़ियों के किनारे लाश मिली है। रविवार को सूचना मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।
नगर के रामपुर लिटिहा निवासी रामाश्रय प्रसाद (45) अपनी पुत्री 12 वर्षीय रोशनी का इलाज कराने 15 अगस्त को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज गया था। वहां से रेफर होने के बाद लखनउ पीजीआई गया। रोशनी की किडनी में इंफेक्शन था। 16 अगस्त को पीजीआई पहुंच कर अपनी पत्नी और पुत्री को यह कहकर अस्पताल से बाहर गया कि अभी नाश्ता लेकर आते हैं। अपराह्न तीन बजे तक जब वह लौटकर नहीं आया तो दोनों रोने लगे। कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उसके आधार कार्ड के जरिए पुलिस उसकी खोज करने लगी। इसी बीच रविवार की भोर में पीजीआई से 25 किमी दूर किसी ने एक झाड़ी में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आधार कार्ड के माध्यम से शव की शिनाख्त रामाश्रय प्रसाद के रूप में करते हुए उसके पत्नी और पुत्री को सूचना दी। मौत की खबर सुनते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। रामाश्रय घर पर ही रहकर खेती करता था। उसके चार बच्चे सूरज (10), टिंकू (7), प्रिया (10) व रोशनी (12) हैं। रामाश्रय की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।