उपभोक्ताओं ने सहारा की शाखा पर जड़ा ताला
आरडी पूरा होने के बाद भी रकम नहीं देने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बरहज। नगर में रुद्रपुर टैक्सी स्टैंड के समीप सहारा बैंक की शाखा में उपभोक्ताओं ने ताला जड़ दिया। उनका आरोप था कि आरडी पूरा होने के बाद भी पैसा भुगतान में हीलाहवाली की जा रही है। ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया।
सहारा की शाखा में सोमवार को करीब डेढ़ बजे कुछ उपभोक्ताओं से पैसे के भुगतान को लेकर कर्मियों से बहस हो गई। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग जुट गए। ग्राहकों का कहना था कि वह काफी दिनों से बैंक का चक्कर काट रहे हैं, मगर कर्मचारी ऊपर से भुगतान के लिए पेमेंट नहीं मिलने की बात कर रहे थे। मामला इस कदर बिगड़ा कि भुगतान को लेकर आए कुछ लोगों ने कर्मियों को बैंक से बाहर निकाल कर ताला लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने लाई। घंटों पंचायत के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकल सका। शाखा प्रबंधक रत्नेश श्रीवास्तव ने बताया कि रिजनल मैनेजर से ग्राहकों के भुगतान के लिए पत्राचार किया गया है। धन मिलते ही भुगतान करा दिया जाएगा। इस संबंध में एसओ जेपी सिंह यादव ने बताया कि बैंक कर्मियों और उपभोक्ताओं में लेनदेन को लेकर कुछ विवाद हो रहा था। उन्हें थाने बुलाकर वार्ता कराई गई।