देवरिया। गोपनीय सूचना के आधार पर सोमवार की रात ईगल, स्वॉट टीम और कोतवाली पुलिस ने जिला जेल के पास एक मकान से माफिया अतीक अहमद के छह गुर्गों को पकड़ा। इनमें से पांच लोगोें को छोड़ दिया गया, जबकि एक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि देवरिया जिला जेल में बंद फूलपुर के पूर्व सांसद अतीक अहमद के गुर्गे जिले में घूम रहे हैं। वे किराए का मकान लेकर रहते हैं और निकाय चुनाव में गड़बड़ी फैला सकते हैं। सूचना के आधार पर ईगल टीम के प्रभारी प्रदीप कुमार शर्मा, स्वॉट टीम के प्रभारी अनिल यादव और कोतवाली पुलिस ने जेल के पास स्थित एक मकान पर छापा मार कर छह लोगों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि किसी का फोन आने के बाद पांच लोगों को छोड़ दिया, जबकि चकिया (इलाहाबाद) का रहने वाले उमर, पुत्र मकबूल को हिरासत में लिया गया है। एएसपी सुरेंद्र बहादुर ने जब अन्य लोगों के बारे में कोतवाली पुलिस से जानकारी मांगी तो प्रभारी स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके। इस पर एएसपी ने कड़ी फटकार लगाई और कहा कि उनके बारे में भी पता कराया जाए। कोतवाली के एसएसआई श्रवण यादव का कहना है कि सूचना के आधार पर छापामारी की गई। इसमें एक युवक पकड़ा गया है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।